रायपुर
कवरेज पास को लेकर विवाद गहराने के आसार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 जुलाई। पीएम नरेंद्र मोदी की सभा के कवरेज के लिए मीडिया के पास को लेकर विवाद आज से ही शुरू हो गया है। पास के लिए मीडिया संस्थानों से अधिकृत पत्र, रिपोर्टर,फोटोग्राफर के फोटो मंगवाने वाले जिला प्रशासन ने हाथ खड़े कर दिए है। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि बीती रात हुए व्यवस्थागत निर्णय के मुताबिक प्रशासन के प्राप्त रिपोर्टरों के नाम और फोटो भाजपा संगठन को भेज दिए गए हैं। वे ही पास जारी करेंगे। इधर भाजपा कार्यालय से दो तरह के पास जारी किए जा रहे हैं। एक में कलेक्टर की मुहर है और दूसरे तरह के पास में महामंत्री केदार कश्यप के हस्ताक्षर ।
देश के ऐसे शीर्ष नेतृत्व के पिछले वर्षों में हुए दौरों का अनुभव रहा है कि एसपीजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों यहां तक की पुलिस के अफसर- सिपाही भी संगठन के पास को अधिकृत न मानकर मीडिया के प्रतिनिधियों को गेट से ही बाहर खदेडऩे लगते हैं। कल भी कुछ ऐसा ही होने की आशंका जताई जा रही है। क्योंकि बड़ी संख्या में संगठन से जारी पास मीडिया के साथियों को दिए गए हैं। इसी आशंका को देखते हुए मीडिया के साथी एक दूसरे को मिले पास को लेकर पूछताछ कर रहे हैं। पहले नाम मांग कर बीती रात पास जारी न करने के प्रशासन के निर्णय को लेकर लोग दलगत राजनीति से जुड़ा बता रहे हैं।