रायपुर

पत्नी को कुल्हाड़ी से मारा, लाश को खदान में दफनाया, 4 साल बाद खुलासा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अक्टूबर। आरंग के ग्राम अमोदी निवासी अनिता बाई कुर्रे की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। अनिता की हत्या पति देवचंद और देवर ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने देवचंद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।एक आरोपी फरार है। सबूत मिटाने हत्या के बाद शव को ग्राम केशला के खदान में दफना दिया था। और देवचंद कुर्रे अपने बचाव एवं पुलिस को गुमराह करने थाना आरंग थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट कराया था।
नर कंकाल के डी.एन.ए. टेस्ट से मृतिका की पहचान हुई। देवचंद को अनिता के चरित्र पर संदेह था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, गमछा तथा 01 नग क्रूजर तूफान वाहन क्रमांक सी जी 04 के वाय 3090 को जब्त कर लिया है।
एस एस पी प्रशांत अग्रवाल और ग्रामीण एएसपी ने पत्रकारों को बताया कि 16, नवंबर -18को देवचंद कुर्रे ने थाना आरंग में सूचना दर्ज कराया कि उसकी पत्नी अनिता बाई कुर्रे बिना बताये घर से कहीं चली गई है। इस पर गुम इंसान क्रमांक 48/2018 कायम कर जांच में लिया गया। इसके पांच महीने बाद 25 अप्रैल.2019 को ग्राम केशला स्थित खदान में एक नर कंकाल मिला। पुलिस टीम के सदस्यों द्वारा नर कंकाल की शिनाख्तगी एवं पतासाजी हेतु थाना आरंग में पूर्व में दर्ज गुम इंसान के परिजनों को बुलाकर नर कंकाल के पास मिलें वस्तुओं को दिखाकर नर कंकाल की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास किये जा रहे थे। इसी दौरान गुम इंसान अनिता बाई कुर्रे की माता एवं भाई ने नर कंकाल के पास मिले टूटी हुई चुड़ी, पायल एवं खिनवा को देखकर पहचान की।
जांच के दौरान नर कंकाल को परीक्षण के लिए भेजा। विशेषज्ञों ने नर कंकाल स्त्री का होना बताया। इसके बाद मृतिका अनिता बाई कुर्रे और उसकी मां सुमित्रा बंजारे के डी.एन.ए. का परीक्षण कराया गया। इसमें दोनों मां बेटी होने की पुष्टि हुई। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अनिता बाई कुर्रे की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के नियत से उसके शव को ग्राम केशला आरंग स्थित खदान में दफना दिया गया था। इस पर अज्ञात आरोपी के विरूद्ध आरंग पुलिस ने धारा 302, 201 भादवि. के तहत जांच शुरू की।
पुलिस मृतिका के ससुराल, मायके पक्ष और आस-पास के लोगों से भी विस्तृत पूछताछ की । इसी दौरान टीम के सदस्यों को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई की मृतिका के पति देवचंद कुर्रे को घटना की रात्रि घटना स्थल के पास स्थित तालाब में तेजराम चतुर्वेदी सहित अन्य 03 व्यक्तियों को नहाते देखा गया था। पुलिस ने तेजराम चतुर्वेदी की पतासाजी कर पकड़ा गया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर तेजराम चतुर्वेदी ने बताया कि देवचंद कुर्रे ने उसे फोन कर कुछ सामान कहीं ले जाना है बहुत जरूरी है कहकर वाहन लेकर आने को कहा। और तेजराम अपने क्रूजर तूफान जीप क्रमांक सी जी 04 के वाय 3090 को लेकर देवचंद कुर्रे के घर गया जहां देवचंद कुर्रे अपने भाई देवदास कुर्रे एवं एक अन्य के साथ मिलकर एक बोरी को वाहन के ऊपर कैरियर में डाल दिया। और तीनों सवार हुए तथा चारों केशला गये। केशला के एक खदान पहुंचने के बाद बोरी को नीचे उतारे जिस पर तेजराम चतुर्वेदी बोरी में क्या है पूछने पर देवचंद कुर्रे ने बताया कि उसने, उसके भाई तथा 01 अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर अपनी पत्नि अनिता बाई कुर्रे की कुल्हाड़ी से वार कर तथा गमछा से गला दबाकर हत्या कर दिया है तथा बोरी में उसका शव है, जिसे ठिकाना लगाना है। चारों मिलकर शव को दफना दिया। फिर चारों तालाब में नहाकर वहां से अपने घर आ गये।
आरोपी देवचंद कुर्रे ने बताया कि वह अपनी पत्नि के चरित्र पर शंका करता था जिससे परेशान होकर हत्या कर दी। तीनों ने मिलकर अनिता बाई कुर्रे की कुल्हाड़ी से वार किया और गमछा से गला दबाकर जान ले ली तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल्हाड़ी, गमछा, क्रूजर तूफान वाहन क्रमांक सी जी 04 के वाय 3090 जप्त कर किया गया। एक आरोपी फरार है।