रायपुर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 9 सितंबर। चार साल बाद प्रदेश दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का शुक्रवार को माना एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट के बाहर हजारों कार्यकर्ता नड्डा के स्वागत के लिए मौजूद थे। बाहर निकलते ही नर्तक दलों ने गौर नृत्य कर नड्डा का स्वागत किया। नड्डा ने उनके साथ कदमताल किया। स्वागत-सत्कार के बाद नड्डा का काफिला निकला, जिसका जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। नड्डा के आगे-आगे भाजयुमो के कार्यकर्ता बाइक रैली में थे।
श्री नड्डा निर्धारित समय से करीब एक घंटा विलंब से यहां पहुंचे। माना एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, बृजमोहन अग्रवाल ने उनकी अगुवानी की, और स्वागत किया। जैसे ही नड्डा एयरपोर्ट से बाहर निकले। नर्तक दलों ने आकर्षक नृत्य के साथ स्वागत किया। हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़े।
बाहर स्टेज बनाया गया था। जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वो पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह पुरंदेश्वरी, अरूण साव, नारायण चंदेल के साथ खुली गाड़ी में सवार हुए, और बाहर निकले। तेलीबांधा दीनदयाल उपाध्याय चौक पहुंचकर माल्यार्पण किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष का भगत सिंह चौक, साक्षरता तिराहा, अंबेडकर चौक, शास्त्री चौक, सहित विभिन्न स्थानों में अलग अलग विधानसभा के कार्यकर्ताओं, मोर्चा प्रकोष्ठ के सदस्यों व आम नागरिक व सामाजिक संगठनों द्वारा अभिनंदन किया गया।
दोपहर एक बजे नड्डा साइंस कॉलेज मैदान में बूथ अध्यक्ष, मंडल ,जिला व प्रदेश पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन पश्चात नड्डा कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचकर कोर ग्रुप प्रदेश पदाधिकारी, और जिलाध्यक्षों की बैठक लेंगे। वे कल सुबह आरएसएस की बैठक के लिए जैनम भवन जाएंगे।
जाने क्या मैंने कही...
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा 9 साल पहले छत्तीसगढ़ भाजपा संगठन के प्रभारी रहे हैं। उनकी अगुवाई में भाजपा ने 2013 का चुनाव जीता था। इस नाते उनका यहां के नेता कार्यकर्ताओं से निकट के संबंध रहे हैं। करीब 4 वर्ष बाद रायपुर आए नड्डा का आत्मीयता ेसे स्वागत किया। उन्हीं संबंधों को याद करते हुए विधायक अजय चंद्राकर नड्डा के कान में कुछ कहा, और वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल की बात पर तो नड्डा खिलखिला उठे।