रायगढ़

समिति ने नहीं लिया धान तो कलेक्ट्रेट के सामने धरने पर बैठा किसान
31-Jan-2021 6:11 PM
 समिति ने नहीं लिया धान तो कलेक्ट्रेट  के सामने धरने पर बैठा किसान

भाजपा की शिकायत के बाद मिला न्याय  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 31 जनवरी। 
जिला कलेक्ट्रेट में धान से भरा ट्रैक्टर लेकर पहुंचने वाले किसान की आखिरकार प्रशासन ने सुन ली। कडकडाती ठंड में  रात भर किसान अपने धान की रखवाली करता रहा। वहीं अब मामले की जानकारी मिलने पर भाजपा के नेता किसान के समर्थन में आ गए हैं।

भाजपा के कई बड़े नेता कलेक्ट्रेट पहुंचे और किसान के समर्थन में कलेक्टर से मिलकर बात की। इसके बाद जिला कलेक्टर भीम सिंह ने किसान की परेशानी को समझते हुए धान खरीदे जाने की बात कही।
शहर से सटे समीपस्थ ग्राम टारपाली मंडी में कोतरलिया का किसान श्यामलाल पहुंचा था, जहां समिति द्वारा धान खरीदी से इंकार करने के बाद व्यथित किसान  ट्रैक्टर सहित जिला कलेक्ट्रेट पहुंच गया और सारी रात कलेक्टे्रट के सामने ही धान लेकर बैठा रहा।

मामले की जानकारी लगते ही भाजपा के नेता किसान के समर्थन में आ गए। कल सुबह ओपी चौधरी सहित भाजपा के कई नेता किसान का धान खरीदने को लेकर कलेक्टर से मिलने पहुंचे। जिला कलेक्टर की ओर से धान खरीदने की सहमति के साथ ही मामले में जांच के आदेश भी दिए गए हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने बताया कि कलेक्टर की ओर निश्चित रूप से धान खरीदे जाने की बात कही गई। साथ ही मामले में दोषी पाए जाने के वाले के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की भी बात कलेक्टर की ओर से कही गई। 

इस संबंध में भाजपा नेता ओपी चौधरी का कहना है कि मंडी में धान नहीं खरीदे जाने पर किसान त्रस्त होकर मजबूरन यहां पहुंचा। मंडी में पंजीयन का बहाना बनाकर किसान का धान नहीं लिया गया, जो की सरासर गलत है। चौधरी ने कहा कि मंडियों के सरासर भ्रष्टाचार का आलम है। प्रति गाड़ी 500 रूपए लेकर धान खरीदा जा रहा है। इस किसान ने जब पैसे नहीं दिए तो उसका धान नहीं खरीदा गया।
 


अन्य पोस्ट