रायगढ़

कर्मा महोत्सव स्थगित
29-Oct-2025 7:37 PM
कर्मा महोत्सव स्थगित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 29 अक्टूबर। जिले से एक महत्वपूर्ण सरकारी आदेश सामने आया है, जिसने आदिवासी समाज में गहरी चर्चा पैदा कर दी है। जिला कार्यालय (आदिवासी विकास) रायगढ़ द्वारा 28 अक्टूबर को जारी पत्र क्रमांक 5622 कर्मा महोत्सव आ.वि. 2025-26 के माध्यम से यह सूचना दी गई है कि कर्मा महोत्सव 2025 के आयोजन को आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाता है।

यह आदेश सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास रायगढ़ (छ.ग.) द्वारा जारी किया गया है। पत्र में उल्लेख है कि यह निर्णय शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है। हालांकि, आदेश में स्थगन का कोई कारण स्पष्ट रूप से नहीं बताया गया है। कर्मा महोत्सव छत्तीसगढ़ सहित समूचे मध्य भारत के आदिवासी समुदायों का एक प्रमुख पारंपरिक उत्सव है, जो प्रकृति, भूमि, जल और वन की उपासना से जुड़ा हुआ है। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक एकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।


अन्य पोस्ट