रायगढ़
प्राचार्य ने समझाईश दी तो किया हंगामा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 11 अक्टूबर। लैलूंगा ब्लाक के लारीपानी गांव के आत्मानंद स्कूल में शराबी शिक्षक के द्वारा नशे की हालत में हंगामा करने का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार लैलूंगा ब्लॉक के लारीपाली गांव के स्वामी आत्मानंद स्कूल में सुबह स्कूल लगा हुआ था। बच्चे अपनी कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। तभी सुबह साढ़े 10 बजे यहां कार्यरत शिक्षक महेश राम सिदार (व्याख्याता एलबी) शराब के नशे में पहुंच गए और उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर कर वापस चले गए। इसके बाद दोपहर तकरीबन 2 बजे जब नवमीं कक्षा का 5वां पीरियड लगा, तब महेश राम फिर से आए गए और दूसरे शिक्षक की कक्षा में घुस गए। शराब के नशे में बच्चों को डांटने लगे। जब इसकी जानकारी स्कूल के प्राचार्य को लगी, तो वे वहां पहुंचे और क्लास से बाहर जाने के लिए कहा। इतने में शिक्षक उल्टा प्राचार्य व अन्य स्टाप से भीड़ गए। कई बार इन्हें समझाईश दी गई, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगे। ऐसे में स्कूल स्टाप द्वारा डायल 112 में कॉल कर जानकारी दी गई। तब डायल 112 के जवान मौके पर पहुंचे और शिक्षक महेश राम को अपने साथ थाना ले गए।


