रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 3 अक्टूबर। रायगढ़ जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक ग्रामीण की लाश खेत में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम हुंकराडीपा चौक के पास स्थित खेत में एक ग्रामीण सुकमन निषाद 50 साल की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली है। मृतक के सिर और गले के पास चोट के निशान मिले है जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक ओडिशा का रहने वाला था जो बीते कुछ माह पहले ही कुंजेमुरा आया हुआ था और कल सुबह सुकमन बकरी चराने के नाम से घर से निकला था लेकिन देर रात तक घर नही लौटा और सुबह डामर प्लांट के पीछे झुनका के खेत में ग्रामीण लाश देखी गई। खेत में ग्रामीण की लाश मिलने की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस डॉग स्वायड और फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृतक के मौत के कारणों का पता चल सकेगा।


