रायगढ़

गांजा संग आरोपी गिरफ्तार
30-Sep-2025 8:11 PM
गांजा संग आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 30 सितंबर। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा निर्देशन पर जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में कोतरारोड़ और पूंजीपथरा पुलिस ने लुक छिप कर गांजा बिक्री करने वाले व्यक्तियों पर कार्यवाही किया गया, पुलिस ऐसे तत्वों पर निगाह रखे हुए है। 28 सितंबर को कौवाताल निवासी गांजा तस्कर को 900 ग्राम गांजा के साथ पकडक़र न्यायिक रिमांड पर भेजा है।

जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कौवाताल निवासी श्यामसुन्दर साहू गांजा से भरा थैला लेकर बिक्री के लिए जूटमिल रायगढ़ की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ओवरब्रिज कोसमनारा के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार एक व्यक्ति कपड़े का थैला दबाए पैदल आता दिखाई दिया, जिसे रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम श्यामसुन्दर साहू पिता स्कबर साहू उम्र 70 वर्ष निवासी कौवाताल थाना कोतरारोड बताया।

तलाशी लेने पर उसके थैले से कुल 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 9 हजार रुपये है। गांजा की पहचान व तौल कर पुलिस ने उसे शीलबंद कर कब्जे में लिया और आरोपी को नोटिस देकर कार्यवाही की जानकारी देते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी का कृत्य एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत दंडनीय पाए जाने पर थाना कोतरारोड़ पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

दूसरी घटना में आरोपी के पास  337 ग्राम गांजा निकला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 हजार रुपये है। आरोपी के पास से जब्त गांजा को सीलबंद कर कब्जे में लिया गया और पंचनामा तैयार किया गया। आरोपी का यह कृत्य एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले में अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट