रायगढ़
जिले में एसीबी की जबरदस्त कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 31 अगस्त। एसीबी आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो द्वारा लगातार छेड़े जा रहे व्यापक ट्रैप अभियान के तहत एसीबी इकाई बिलासपुर को रायगढ़ जिले के खरसिया में आबकारी विभाग के उप निरीक्षक संतोष कुमार नारंग को खरसिया स्थित कार्यालय में 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए पकडऩे में सफलता हासिल हुई।
मिली जानकारी के अनुसार 20 अगस्त को धर्मजयगढ़ जिला रायगढ़ निवासी सुनीत टोप्पो के द्वारा एसीबी इकाई बिलासपुर में इस आशय की शिकायत की गई थी कि 19 अगस्त को धर्मजयगढ़ क्षेत्र के आबकारी उप निरीक्षक संतोष कुमार नारंग ग्राम पंडरी महुआ गांव में उसके मां के निवास स्थान पर जाकर तुम लोग शराब बनाते हो बोलकर घर का सामान चेक करने लगे उस वक्त वह (प्रार्थी) स्वयं मां के पास था। उसी दिन संतोष कुमार नारंग ने कुछ कागज में उसकी मां का हस्ताक्षर भी ले लिया और उसके बाद उससे और उसकी मां से कड़ी कार्यवाही से बचने के लिए 50 हजार रुपए की मांग की गई किंतु वह संतोष नारंग को रिश्वत नहीं देना चाहता बल्कि उसे पकड़वाना चाहता है।
शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर शिकायत सही पाई गई तथा ट्रैप की योजना तैयार की गई। आज प्रार्थी को रिश्वत रकम 50 हजार रुपए आरोपी संतोष कुमार नारंग को देने हेतु आरोपी के पास भेजा गया जो आरोपी द्वारा रिश्वती रकम 50 हजार रुपए अपने क्षेत्राधिकार के खरसिया स्थित आबकारी कार्यालय में लेते ही उसे एसीबी की टीम द्वारा रंगे हाथों पकड़ लिया गया जिससे आसपास हडक़ंप मच गया। पकड़े गए आरोपी से रिश्वत की रकम 50 हजार रुपए जप्त कर एसीबी के द्वारा उसके विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्यवाही की गई।
धर्मजयगढ़ और खरसिया क्षेत्र आरोपी के कार्यवाही क्षेत्राधिकार में आता है। गौरतलब है कि एसीबी के द्वारा भ्रष्ट अधिकारियों कर्मचारियों की लगातार कार्यवाही की जा रही है इसी अनुक्रम में आज भी यह बड़ी कार्यवाही की गई। एसीबी सूत्रों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्यवाही अनवरत जारी रहेगी।


