रायगढ़
19 मोबाइल और नगदी बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 अगस्त। घरघोड़ा पुलिस ने मोबाइल चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मिली जानकारी पर पुलिस ने चोरी की मोबाइल खरीदने वाले दो मोबाइल दुकान संचालकों को भी धर दबोचा। इस कार्रवाई से पुलिस ने कुल 19 मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नगद रकम बरामद की, जिसकी कुल कीमत करीब एक लाख 50 हजार रुपये है।
मामला 18-19 अगस्त की रात का है, जब कुडुमकेला मेन रोड स्थित बेहरा मोबाइल दुकान का एल्बेस्टर शीट तोडक़र अज्ञात आरोपी ने एक ओप्पो और एक पोको सी-75 कंपनी का नया मोबाइल चोरी कर लिया था। दुकान संचालक ओमप्रकाश बेहरा की रिपोर्ट पर थाना घरघोड़ा में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में आरोपी दीपक झरिया रायगढ़ को पकड़ा गया, जिसने चोरी स्वीकार कर बताया कि उसने मोबाइलों को रायगढ़ के मोबाइल दुकानों में बेचा है।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की रकम में से 1100 रुपये नगद तथा 17 पुराने मोबाइल बरामद किए। वहीं, मोबाइल संचालक अंकुश अग्रवाल और यश बंसल दोनों निवासी रायगढ़ से भी चोरी के मोबाइल जब्त किए गए। अंकुश अग्रवाल से एक पोको मोबाइल (कीमत 10,999 रुपये) और यश बंसल से एक ओप्पो मोबाइल (कीमत 16,999 रुपये) बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों दुकानदारों ने चोरी की संपत्ति होना जानते हुए मोबाइल खरीदने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने मामले में चोरी की संपत्ति खरीदी और एक से अधिक आरोपी पाए जाने पर धारा 317(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


