रायगढ़

भाजपा सदस्य की टिप्पणी से आहत माझी समाज
29-Aug-2025 7:23 PM
भाजपा सदस्य की टिप्पणी से आहत माझी समाज

चौकी प्रभारी से लिखित शिकायत, कार्रवाई की मांग

रायगढ़, 29 अगस्त। धरमजयगढ़ क्षेत्र के रैरूमा खुर्द चौकी में माझी समाज ने एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है। मामला ग्राम चिड़ोडीह पंचायत के वाट्सएप ग्रुप से जुड़ा है, जहां पर माझी समाज के सदस्यों से मिली जानकारी अनुसार अपने आपको बीजेपी का सदस्य बताने वाला गुलाब यादव द्वारा माझी समाज पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने पूरे समाज को आहत कर दिया है।

मिली जानकारी अनुसार, बीते दिन धरमजयगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन हुआ था। इस अवसर पर विशेष पिछड़ी जनजातियों  बैगा, गुनिया, कोरवा, बिरहोर और पंडो समुदाय के सम्मान और उनके संवैधानिक अधिकारों की चर्चा की गई। वहीं मुख्यमंत्री के निजी सहायक तुलसी कौशिक ने रैरूमा खुर्द में माझी समाज की बैठक लेकर अधिकार दिलाने का आश्वासन भी दिया था।

इसी बीच, पंचायत चिड़ोडीह के वाट्सएप ग्रप में गुलाब यादव ने माझी समाज के संबंध में कथित तौर पर भला-बुरा लिखते हुए टिप्पणी की और फिर उसे डिलीट कर दिया। बाद में दोबारा लिखते हुए उन्होंने यह भी कहा कि माझी समाज के अध्यक्ष जो कांग्रेस नेता हैं, उन्हें बीजेपी का सहारा लेना पड़ रहा है। समाज का कहना है कि यह टिप्पणी सीधे-सीधे समाज के सम्मान पर चोट है।

जब स्वयं छत्तीसगढ़ की बीजेपी सरकार हमारे संवैधानिक अधिकार दिलाने की पहल कर रही है, तब उसी पार्टी का एक सदस्य हमें नीचा दिखाने वाले शब्द लिखता है। यह हमारे आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने जैसा है। वहीं समाज ने चौकी प्रभारी रैरूमा खुर्द से आग्रह किया है कि इस मामले की जांच कर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की टिप्पणी करने का दुस्साहस न करे।   


अन्य पोस्ट