रायगढ़

पालतू कुत्ते ने भौंका, तीन ने मिलकर की मालिक की हत्या
29-Aug-2025 7:22 PM
पालतू कुत्ते ने भौंका, तीन ने मिलकर की मालिक की हत्या

दो नाबालिग सहित एक आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़,29 अगस्त। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कुत्ता घुमाने के दौरान जब राह चलते तीन लोगों को कुत्ते ने भौंका तो इस बात पर पहले मालिक से उनका जमकर विवाद हुआ और फिर जमकर गाली गलौज होने लगा। गुस्साए दो लोग इस  बात को लेकर टांगी से हमला करते हुए कुत्ते के मालिक को मौत के घाट उतार दिया।

 जिले की तमनार पुलिस ने जानकारी मिलते ही इस मामले में दो नाबालिग समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जाता कि आरोपियों का मृतक के साथ पुराना विवाद भी जुड़ा था।

 विवाद में चाचा भी घायल

रायगढ़ जिले की लैलूंगा विधानसभा में आने वाले तमनार थाना क्षेत्र के   आमाघाट पंचायत के दांदरी गांव के फिटिंगपारा में बीती रात साढ़े 8 बजे के आसपास धारदार टांगी मारकर सुजीत खलखो (25) की हत्या की वारदात सामने आई थी।

बताया जा रहा है कि युवक अपने परिजन के यहां खाना खाने फिटिंगपारा पहुंचा था। इस दौरान तीन युवक अचानक वहां पहुंचे और उन्होंने सुजीत पर हमला कर दिया। बीच बचाव करने आये उसके चाचा सुरेश मिंज को भी गंभीर चोट आई है।

बताया जा रहा है कि कुत्ता घुमाने के दौरान हुए गाली- गलौज के बाद आरोपियों ने सुजीत खलखो के साथ पहले विवाद हुआ था, जिसके बाद ही आरोपियों ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दे दिया । 

टांगी मारकर हत्या करने की जानकारी मिलते ही तमनार पुलिस ने घटना स्थल पहुंचकर मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए आगे की जांच में जुट गई थी। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या के इस मामले में दो नाबालिग समेत एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद गिरफ्तार कर लिया।

कुत्ते घुमाने के दौरान भौंकने से शुरू होने वाले इस विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हत्या के मामले में जिले के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल का कहना है कि आरोपियों का मृतक ओर उसके परिवार से पुराना विवाद भी हुआ था जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव चल रहा था।


अन्य पोस्ट