रायगढ़

वीडियो बना रहे युवकों को हाथी ने दौड़ाया
27-Aug-2025 7:58 PM
वीडियो बना रहे युवकों को हाथी ने दौड़ाया

लापरवाही पड़ सकती है महंगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 27 अगस्त। जिले में इन दिनों हाथियों का दल बड़ी संख्या में विचरण कर रहा है। ऐसे में रोजाना हाथी किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मंगलवार की शाम हाथियों के दल का वीडियो बना रहे बाईक सवार युवकों को एक हाथी ने काफी दूर तक दौड़ाया है।

मिली जानकारी के अनुसार घरघोड़ा रेंज में वर्तमान में 26 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। ऐसे में वन विभाग की टीम हाथियों के दल पर निगरानी करते हुए प्रभावित गांव के ग्रामीणों को हाथी से सावधानी बरतने अपील की जा रही है। ऐसे में मंगलवार की शाम 4 बजे के आसपास हाथियों का एक दल टेंडा नवापारा से भेंगारी मार्ग की तरफ बढ़ रहा था इस दौरान हाथियों के दल को देखकर वहां से गुजर रहे बाईक सवार कुछ युवक हाथियों का वीडियो बना रहे थे। इस दौरान एक हाथी ने युवको को काफी दूर तक दौड़ाया। ऐसे में अगर बाईक सवार वाहन पर नियंत्रण खो बैठता और दोनों गिर जाते तो यहां बड़ी घटना घटित हो सकती थी।

घरघोड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी सीके राठिया ने बताया कि उनके क्षेत्र में 26 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। प्रभावित गांव में रोजाना मुनादी कराकर लोगों को सावधानी पूर्वक आवागमन करने की अपील की जा रही है। साथ ही हाथी दिखने पर उससे दूरी बनाकर रखने की बात कही जा रही है।


अन्य पोस्ट