रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 24 अगस्त। रायगढ़ जिले में एक लंबे अर्से बाद पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही हैं, जिससे यहां के नदी नाले उफान पर आ गए हैं। ऐसे में शनिवार की दोपहर पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण एक दर्जन से अधिक नन्हें छात्रों के अलावा कुछ ग्रामीण अपने गांव, अपने घर नहीं पहुंच सके।
मिली जानकारी के मुताबिक धर्मजयगढ़ विधानसभा के अंतर्गत आने वाले पेलमा से घोघरा के बीच बने पुल में आज दोपहर में अचानक कोरजा नदी का जल स्तर बढ़ जाने से इस पुल से आवागमन करने वालों की मुसीबत बढ़ा दी है। स्कूली छात्रों के अलावा रोजाना अपने दिनचर्या काम के सिलसिले में गाँव से बाहर गए लोग देर रात तक अपने घर नहीं पहुंच सके।
कुमा इंचपारा गाँव के ग्रामीण पीताम्बर यादव ने बताया की शनिवार की सुबह गाँव से केजी वन से लेकर 5वी क्लास तक के कुछ छात्र खम्हार स्कूल गए थे दोपहर में नदी का जल स्तर बढ़ जाने की वजह से स्कूल के बच्चे नदी के उस पार ही मारुती ओमनी वैन में दो से तीन पंचायत के 10-15 बच्चे फंसे हुए हैं नदी के ऊपर से पानी के चलते वे अपने गाँव नहीं आ पाए। साथ ही अपने दिनचर्या के काम में नदी के उस पार गए लोग भी उधर ही फंसे हुए हैं। पुल के ऊपर से इतना अधिक पानी जा रहा हैं की पुल जरा भी नहीं दिखा रहा।
पीताम्बर यादव ने बताया की उनके गाँव पहुंच मार्ग का यहीं एक रास्ता हैं,यह पुल 3 से 4 पंचायत को जोडऩे वाला एकमात्र पुल है जिसमे पेलमा ग्राम पंचायत के आश्रित गांव घोघरा के साथ उधर तीन पंचायत कंचीरा, कुमा, पारेमेर शामिल है। ऐसे में जब तक पानी नहीं उतर जाता पुल के उस पार फंसे लोगों को पूरी रात उधर ही कहीं बितानी पड़ सकती हैं। हर साल उनको इस तरह की परेशानियों से जूझना पड़ता हैं, लेकिन उनकी तकलीफ देखने और जानने कोई भी प्रशासनिक अधिकारी आज तक उनके बीच पहुंचा ही नहीं।


