रायगढ़
भयावह सडक़ें दे रही मौत को आमंत्रण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 23 अगस्त। लैलूंगा क्षेत्र की जनता अब प्रशासनिक ढिलाई और अनदेखी से तंग आ चुकी है। लंबे समय से लंबित पड़ी समस्याओं को लेकर नागरिकों ने एक स्वर में चेतावनी दी है कि यदि तत्काल समाधान की दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो आगामी 10 दिनों के भीतर आर्थिक नाकेबंदी की जाएगी।
इसके साथ ही आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और विशेषकर राजस्व विभाग पर होगी।
अटल चौकका गड्ढा बना मौत का जाल
क्षेत्रवासियों का कहना है कि लैलूंगा मुख्य मार्ग पर अटल चौक के पास महीनों से गड्ढा खोदा गया है, लेकिन आज तक उसे भरा नहीं गया। यह गड्ढा अब मौत का जाल बन चुका है। आए दिन मोटरसाइकिल, साइकिल और छोटे वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग और स्थानीय प्रशासन ने इस गंभीर समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। गड्ढा भरने के लिए कई बार शिकायतें और ज्ञापन दिए गए, लेकिन कागजी कार्यवाही तक ही सीमित रह गया मामला।
चौबीस घंटे भारी वाहनों का आतंक
लैलूंगा नगर की सबसे बड़ी समस्या में से एक है मुख्य सडक़ से चौबीसों घंटे गुजरने वाले बड़े-बड़े ट्रक और हाइवा। इन भारी वाहनों से न केवल दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं बल्कि धूल, धुआं और प्रदूषण ने आमजन का जीना दूभर कर दिया है। नागरिकों की मांग है कि इन वाहनों के संचालन के लिए निश्चित समय तय किया जाए ताकि दिन में आम लोगों को राहत मिल सके। साथ ही पत्थलगांव की ओर जाने वाले वाहनों के लिए एक और बाईपास सडक़ का निर्माण तत्काल शुरू किया जाए। यह लंबे समय से उठाई जा रही मांग है, जिस पर अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।


