रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 19 अगस्त। खाद की समस्या से जूझ रहे किसानों ने सोमवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पाने के कारण नाराज किसानों ने रायगढ़-खरसिया मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। गोर्रा, कुर्मापाली, जामपाली, टेका, पचेड़ा, अमलीडीह, रईतराई और बुलाटी समेत आसपास के गांवों के किसान भी सडक़ों पर उतर आए। जिससे वाहनों के पहिये थम गए। किसानों ने सडक़ पर बैठकर 3 घंटे तक आवागमन ठप रखा। उनका कहना था कि समय पर खाद नहीं मिलने से खरीफ की फसल पूरी तरह खराब हो रही है और उनकी मेहनत पर पानी फिर जाएगा।
इस दौरान दशकर्म कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव भी मौके पर पहुंचे और किसानों के समर्थन में खड़े हो गए। उन्होंने प्रशासन से तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग की। करीब तीन घंटे चले हंगामे के बाद नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और किसानों को लिखित आश्वासन दिया कि जल्द ही खाद उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर सडक़ खोल दी।


