रायगढ़

तेज रफ्तार पिकअप पलटी, महिला की मौत, 14 घायल
13-Aug-2025 4:01 PM
तेज रफ्तार पिकअप पलटी, महिला की मौत, 14 घायल

रोपा लगाकर घर लौटते हादसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, , 13 अगस्त। रोपा लगाकर घर लौटते समय तेज रफ्तार पिकअप पलट गई। इस घटना में एक महिला की मौके पर मौत हो गई वहीं कई घायल हो गए। पुलिस आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक जुगलाल अगरिया 36 साल ने लैलूंगा थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया कि वह रोजी मजदूरी का काम करता है। प्रार्थी ने बताया कि कल सुबह रोपा लगाने के लिये नुर मोहम्मद ने उसे लैलूंगा बुलाया था। इस दौरान 9 बजे एक पिकअप वाहन में 22 लोग सवार होकर पहुंचे थे। जुगलाल अगरिया ने बताया कि दोपहर 3 बजे रोपा लगाने के बाद नूर मोहम्मद दूसरा पिकअप क्रमांक सीजी 12 बीए 2357 को बुक किया था जिससे वे लोग अपने गांव सरडेंगा लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वे लोग खम्हार पुल मोड के पास पहुंचे ही थे कि पिकअप चालक तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पिकअप को बीच सडक़ में पलटा दिया जिससे मौके पर लोगों की चीख पुकार मच गई। इस दुर्घटना में पिकअप के ट्राली में बैठे 14 लोग घायल हुए हैं वहीं  गोमती यादव (62) के सिर के पीछे हिस्से में गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 

बहरहाल जुगलाल अगरिया की रिपोर्ट के बाद लैलूंगा पुलिस पिकअप चालक के खिलाफ धारा 106 (1) 125(ए) 281 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बाईक से गिरकर ग्रामीण की मौत

रिश्तेदार के घर से अपने गांव लौट रहे बाइक सवार ग्रामीण की सडक़ हादसे में मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर मर्ग पंचनामा पश्चात पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है, उक्त मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है।

 

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार शांता कुमार राठिया ने थाने में सूचना देते हुए बताया कि 10 अगस्त की सुबह उसके चाचा विजय कुमार राठिया 45 साल, अपने एच.एफ. डिलक्स मोटर सायकल से ग्राम पांकादरहा, बिलासखार रिस्तेदारी में गया था। जहाँ से अगले दिन 11 अगस्त को घर लौटे समय जब वह बांसमुडा केरामुडा मेन रोड में पहुंचा ही था की वह अपने बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और बाइक समेत सडक़ में गिर गया। इस दुर्घटना में सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बहरहाल सडक़ हादसे में ग्रामीण की मौत हो जाने की सुचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मर्ग पंचनामा कार्रवाई पश्चात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट