रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 12 अगस्त। जिले में एक 13 वर्षीय नाबालिग लडक़ी ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया है। प्रसव के बाद मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने इसकी सूचना महिला थाना को दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी परिजनों को होने के बाद उसे 31 जुलाई को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। अस्पताल की ओर से मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पीडि़ता का बयान दर्ज किया।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि पीडि़ता कबाड़ बीनने का काम करती है और उसका पड़ोस में रहने वाले एक लडक़े से अफेयर था। बताया गया कि अक्टूबर 2024 में दोनों घर से भागकर ओडिशा के झारसुगुड़ा चले गए थे। वहां कुछ समय तक दोनों साथ रहे। इसी दौरान कबाड़ चोरी के एक मामले में लडक़े को ओडिशा पुलिस ने गिरफ्तार कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया। अब इस मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जुर्म पंजीबद्ध कर लिया है।


