रायगढ़

कम बारिश से धान की फसल को नुकसान की आशंका
12-Aug-2025 6:45 PM
कम बारिश से धान की फसल को नुकसान की आशंका

केलो नहर से नहीं मिल पा रहा पानी, किसानों ने प्रशासन से लगाई गुहार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 12 अगस्त। धान का कटोरा कहे जाने वाले छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के किसानों की धान की फसल बारिश नहीं होने और नहर से पानी नहीं मिल पाने की वजह से अब मरने की कगार पर पहुंच चुका है। गांव के गरीब किसान अपनी बेशकीमती धान की फसल को बचाने प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष गुहार भी लगा चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। वर्तमान हालत देख कर लगता है की इस बार भूमि पुत्रों को काफी ज्यादा नुकसान उठाना पड़ सकता है।

फसल बचाने गुहार लगा चुके हैं किसान

मिडमिडा गाँव के किसानों के द्वारा केलो परियोजना अधिकारी के नाम लिखे गए शिकायत में कृषि कार्य के लिए पानी दिए जाने की मांग करते हुए कहा गया की बारिश नहीं होने की वजह से गाँव के किसानों के समक्ष बहुत बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। गाँव के किसानों ने कहा है कि ठेंगापाली के अंतर्गत आने वाले आधा दर्जन से अधिक गाँव के किसानों को खेती के अलावा अन्य कार्य के लिए आज तल केलो परियोजना नहर का पानी उपलब्ध नहीं हो पाया है। आलम यह है की भाठानपाली गाँव तक ही नहर का निर्माण हुआ  है इसके बावजूद उनके गाँव के नहर में केलो डेम का पानी प्रयाप्त मात्रा में पहुंचता ही नहीं।

किसानों तक नहीं पहुंच रहा नहर का पानी

गाँव के किसान आनंद बारिक ने बताया की ठेंगापाली शाखा से 8 से 10 गाँव जुड़े हैं और यहां के नहर में कभी कभार ही पानी छोड़ा जाता है, वर्तमान में किसानों को पानी की बहुत जरुरत है लेकिन उन्हें पानी नहीं मिल पा रहा है, पानी छोड़ा भी जाता है तों ऊपर तरफ के गाँव वालों के द्वारा नहर को बांध कर अवरोध कर दिया जाता है जिससे उनके गाँव तक पानी नहीं पहुंच रहा। गाँव के युवा किसान श्रीकांत ने बताया की सिंचाई के लिए गाँव में 4 बोर है, जिसमे से एक खऱाब हो गया है  और रोजाना सुबह  5 बजे से 11 बजे तक बिजली काट दी जा रही है। जिससे भी उनकी परेशानी बढ़ी है।

175 गाँव के किसानों को मिलना है नहर से पानी

केलो परियोजना का निर्माण 2007 में शुरू हुआ था, जिसमें 16 किलोमीटर मुख्य और लगभग 74 किलोमीटर शाखा नहरों का निर्माण होना था। लेकिन आज तक नहर निर्माण का काम पूरा नहीं हो सका है। इस  परियोजना के तहत रायगढ़ जिले 167 गाँव के अलावा सक्ति जिले के भी 8 गाँव को मिलाकर कुल 175 गाँव में किसानों को खेती के लिए केलो डेम से पानी नहर के जरिये किसानों तक पहुँचाने के उद्देश्य से नहर का निर्माण कराया गया, लेकिन इसे दुर्भाग्य ही कहा जा सकता है की 15 साल से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद यहां के अधिकांश किसानों को इस नहर का  लाभ मिला ही नहीं है।

एक दो दिन में पहुंच जायेगा पानी

केलो परियोजना सर्वेक्षण संभाग एसडीओ रितु टंक से चर्चा करने पर उन्होंने बताया की 5 अगस्त से ही नहर में पानी छोड़ दिया गया है। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र के 4 गाँव में पानी नहीं पहुंच पाया है, केशला तक पानी पहुंचा भी था, लेकिन कुछ किसानों के अवरोध लगा देने के कारण पानी आगे नहीं पहुंचा था। अब अवरोध हटा दिया गया है  एक दो दिन में मिडमिडा, झलमला, भाठनपाली नेतनागर तक पानी पहुंच जायेगा।


अन्य पोस्ट