रायगढ़
रायगढ़, 11 अगस्त। गांव के नजदीक लगे टॉवर में 24 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान प्रदीप गुप्ता के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन इसके पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना रात करीब 8 बजे की है। गांव में झूला मेला चल रहा था और आसपास के गांवों से लोग बड़ी संख्या में आए हुए थे। इसी बीच, कुछ ग्रामीणों ने टॉवर पर लटके एक युवक को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की।
परिजनों का आरोप है कि प्रदीप का पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। रक्षाबंधन के दिन युवती का भाई दो अन्य लोगों के साथ मेला देखने आया था। बताया जाता है कि मेले के दौरान प्रदीप और इन लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। परिवार का कहना है कि इस विवाद के बाद प्रदीप मानसिक रूप से आहत था और संभवत: इसी वजह से उसने फांसी लगा ली।
मृतक का भाई, जो घटना के समय अपने ससुराल में था, ने बताया कि प्रदीप ने विवाद से पहले किसी तरह की परेशानी या तनाव का जिक्र नहीं किया था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग दर्ज कर सभी संभावित पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयान दर्ज होने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।


