रायगढ़
बोलेरो को साईड देते हादसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 10 अगस्त। शनिवार की शाम जिले के तमनार ब्लॉक के आमगांव और धौंराभांठा के बीच निर्माणाधीन तालाब के पास टैक्टर पलटने से चालक की दबकर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम आमगांव निवासी 32 वर्षीय राजेन्द्र सिदार, जो खेत की जुताई कर घर लौट रहे थे, टैक्टर पलटने से अपनी जान गंवा बैठे। मिली जानकारी के अनुसार, राजेन्द्र सिदार धौंराभांठा से आमगांव की ओर आ रहे थे। निर्माणाधीन महल तालाब के ऊपर स्थित सडक़ पर उन्होंने सामने आ रही बोलेरो वाहन को साइड देने की कोशिश की।
इसी दौरान टैक्टर का पहिया सडक़ से उतर गया और टैक्टर पलट गया। हादसे में राजेन्द्र टैक्टर के नीचे दब गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। भारी मशक्कत के बाद टैक्टर और मृतक को बाहर निकाला गया। परिजन और स्थानीय पुलिस को भी सूचित किया गया, जो मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।


