रायगढ़

दो माह से वेतन नहीं, जिला श्रम कार्यालय पहुंचे मजदूर
06-Aug-2025 10:05 PM
दो माह से वेतन नहीं, जिला श्रम कार्यालय पहुंचे मजदूर

रायगढ़, 6 अगस्त। जिले के मौहापल्ली औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत सियारपाली स्थित इंडस एनर्जी कंपनी  में मजदूरों को दो महीने से वेतन नहीं मिला है। करीब 50 श्रमिक अपनी शिकायत लेकर जिला श्रम कार्यालय पहुंचे। मजदूरों का अनुमान है कि कंपनी ने लगभग 13 लाख रुपये का वेतन रोक रखा है।

मजदूरों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से कंपनी प्रबंधन उन्हें सिर्फ आश्वासन दे रहा है, लेकिन वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है। इन हालातों में मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है और कई मजदूर दाने-दाने को मोहताज हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मजदूरी भुगतान को लेकर ठेकेदार और कंपनी प्रबंधन के बीच तालमेल नहीं है और इसका खामियाजा श्रमिकों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं, जब मीडिया के प्रतिनिधि मामले की जानकारी लेने के लिए पहुंचे, तो कंपनी के सुरक्षाकर्मी ने अभद्र व्यवहार किया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। कंपनी प्रबंधन को इस बात की जानकारी दी गई, लेकिन इसमें कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं आया। ना ही श्रमिकों के भुगतान से संबंधित कोई जवाब मिला है। श्रमिकों की शिकायत पर श्रम अधिकारी ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही कंपनी से बात कर मजदूरों का बकाया वेतन दिलाया जाएगा। श्रमिकों ने प्रशासन से मांग की है कि कंपनी पर सख्त कार्रवाई हो ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराई जाए। इस बीच, कंपनी प्रबंधन की ओर से एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई है. जिस ठेकेदार को कंपनी में ठेका दिया गया था, उस ठेकेदार के पास ठेकेदारी का लाइसेंस भी नहीं था।


अन्य पोस्ट