रायगढ़

पिकनिक मनाने पहुंचे युवक की डूबकर मौत
02-Aug-2025 6:31 PM
पिकनिक मनाने पहुंचे युवक की डूबकर मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 2 अगस्त। जिले में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने बोतल्दा रॉक गार्डन पहुंचे युवक की पानी में डूब जाने से मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहंची पुलिस ने मृतक के शव को अस्पताल भेजते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला खरसिया थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक सचिन कुमार साह बिहार, जो पिछले कुछ समय से जूटमिल इलाके में अपने जीजा के यहां रहकर किसी निजी संस्था में काम करते आ रहा था। शुक्रवार की सुबह सचिन अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने रायगढ़ जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर बोतल्दा रॉक गार्डन पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि दोस्तों के साथ नहाते समय सचिन का अचानक पैर फिसल जाने की वजह से वह गहरे पानी में चला गया। काफी खोजबीन करने के बाद उसका शव मिला। जिसके बाद शव बाहर निकालकर उसके दोस्तों ने पूरी घटना की जानकारी खरसिया थाने में दी। झरने में डूबकर युवक की मौत की खबर मिलते ही खरसिया पुलिस के अलावा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए सचिन के दोस्तों से पूछताछ कर रही है।

4 बाईक में 8 युवक पहुंचे थे बोतल्दा

बताया जा रहा है कि श्रवण कुमार गुप्ता झारखंड, प्रदीप कुमार डनसेना जोरापाली, कृष्ण कुमार जनकपुर, परमेश्वर निषाद डभरा, मोनू डनसेना बरमकेला, कृष्णकांत भोई पश्चिम बंगाल ,भीष्म देव महंत बासनपाली के अलावा सचिन कुमार साह उत्तर प्रदेश (मृतक) चार बाईक में सवार होकर कुल 8 लोग बोतल्दा पिकनिक मनाने पहुंचे थे। 

परसदा में नहाने पर लग चुका है विराम

विदित रहे कि रायगढ़ पुलिस ने तीन दिन पहले ही केराझर-परसदा वाटरफाल में पहाड के उपर और पेड़ में चढक़र लापरवाही पूर्वक  कूदने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होनें के बाद अनहोनी घटना की आशंका को देखते हुए तत्काल यहां चेतावनी का बोर्ड लगाकर झरने में नहाने पर प्रतिबंद लगवाया था। साथ ही साथ लगातार पुलिस यहां पेट्रोलिंग कर रही है।


अन्य पोस्ट