रायगढ़

युवक ने बंद कमरे में चाकू से खुद का गला रेत डाला
31-Jul-2025 6:40 PM
युवक ने बंद कमरे में चाकू से खुद का गला रेत डाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 31 जुलाई। बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र स्थित एमएसपी प्लांट की लेबर कॉलोनी में रहने वाले 33 वर्षीय युवक ने खुद का गला काटकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, युवक का नाम दिलीप सिंह है, जो मूल रूप से राजस्थान के जयपुर जिले के ग्राम रसौली का निवासी था।

जानकारी के अनुसार, दिलीप पिछले करीब 10 वर्षों से डैच् प्लांट में इलेक्ट्रिशियन के तौर पर कार्यरत था और प्लांट की लेबर कॉलोनी में ही अकेले रह रहा था। मंगलवार रात उसने अपने कमरे के अंदर से बंद कर लिया। जब सुबह तक दरवाजा नहीं खुला तो सहकर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। पुलिस ने देखा कि दिलीप के गले पर गहरे चाकू के वार थे और पास में खून से सना चाकू पड़ा था।

पुलिस जांच में प्रारंभिक जानकारी मिली है कि दिलीप की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। परिजनों और सहकर्मियों ने भी बताया कि वह अक्सर तनाव में रहता था। आशंका जताई जा रही है कि मानसिक दबाव के कारण ही उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

घटनास्थल पर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। चक्रधर नगर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में दिलीप ने अपनी जान ली।


अन्य पोस्ट