रायगढ़

राष्ट्रीय अध्यक्ष खडग़े के आगमन को लेकर तैयारी बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 2 जुलाई। आगामी 7 जुलाई को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े रायपुर आ रहे हैं। जिसके तैयारी को लेकर कांग्रेस नेतागण जिलेवार बैठक कर कार्यकर्ताओं से बातचीत करने के साथ साथ मीडिया से भी चर्चा कर रहे है। इस कड़ी में कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग और पूर्व मंत्री उमेश पटेल, रायगढ़ जिला कांग्रेस के अध्यक्ष नगेंद्र नेगी, शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला, पूर्व विधायक प्रकाश नायक सहित अन्य नेताओं ने कांग्रेस भवन रायगढ़ में प्रेसवार्ता कर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला है।
मंगलवार 1 जुलाई को मीडिया से बात करते हुए पूर्व मंत्री उमेश पटेल ने आरोप लगाया कि सुशासन की बात करने वाली भाजपा सरकार में आदिवासी, किसान और मजदूर परेशान हो रहे हैं। किसानों को खाद व बीज के लिए भटकना पड़ रहा है। सरकार किसानों के हित के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल में प्रदेश की दुर्दशा हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय न तो निर्णय ले पा रहे हैं और न ही प्रदेश में उनका विकास का दिख रहा है। किसान, आदिवासी गरीब और मजदूरों की इनके राज में दुर्दशा हो गई है। उन्होंने तमनार के मुड़ागांव में अडानी समूह द्वारा जंगल काटे जाने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप सरकार फर्जी ग्रामसभा को आधार बनाकर जंगल उजाड़ रही है इस मामले में जांच और दोषियों कार्यवाही होने के साथ जंगलों के अवैध कटाई पर तत्काल रोक लगाना चाहिए।
विधायक उमेश पटेल ने कहा मुख्यमंत्री साय सरगुजा संभाग की ओर से प्रतिनिधित्व कर रहे है। शिक्षा विभाग भी उनके पास है। शिक्षा विभाग के सेटअप को घटाकर वन प्लस वन प्रायमरी एवं वन प्लस 3 मिडिल स्कूल में कर रहे हैं। 50 हजार शिक्षकों के पद समाप्त हो रहे हैं। वही राज्य सरकार आउटसोर्सिंग के जरिए भरती निकल कर छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा कर रही है।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा कहा जाता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा यहां के किसान त्रस्त है। जबकि प्रदेश सरकार सुशासन की बात करती है। भाजपा की सरकार प्रदेश में 10 हजार पाठशाला बंद कर 1400 मधुशाला खोल रही है।
उन्होंने कहा कि 7 जुलाई को किसान, जवान, संविधान को लेकर कांग्रेस की रैली होगी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े शामिल होंगे। इसमें प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम लोग शामिल होंगे।