रायगढ़

पति की मौत के बाद मायके में रहना बना विवाद का कारण भाई ने की पीट-पीटकर हत्या, बंदी
27-Jun-2025 3:53 PM
पति की मौत के बाद मायके में रहना बना विवाद का कारण  भाई ने की पीट-पीटकर हत्या, बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 27 जून। लैलूंगा थाना क्षेत्र के राताखण्ड गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी सगी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। विवाद की वजह बहन का मायके में रहना बताया जा रहा है। गुस्साए भाई ने पहले बहन को लात-घूंसों से पीटा, फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 30 वर्षीय उर्मिला मांझी के रूप में हुई है, जो कुछ समय से अपने मायके राताखण्ड में रह रही थी। उर्मिला ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन पति की मौत के बाद वह अपने गांव लौट आई थी। इसका विरोध उसका भाई सतकुमार मांझी (34) करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। मंगलवार सुबह करीब 6 बजे दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सतकुमार ने पहले उर्मिला को बुरी तरह पीटा, फिर पास ही रखी धारदार टांगी से उस पर कई बार वार कर दिया। जब मां आसो बाई ने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की तो आरोपी ने उन्हें भी नहीं बख्शा। बुजुर्ग मां को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया जिससे वह बेहोश हो गई।

 

चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य पहुंचे, जिन्हें भी आरोपी ने धक्का-मुक्की कर घायल कर दिया। सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी सतकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है, मां अभी भी सदमे में है और उसका इलाज जारी है। 


अन्य पोस्ट