रायगढ़

छाल क्षेत्र में सडक़ पर आया डेढ़ दर्जन हाथियों का झुंड
23-Jun-2025 7:43 PM
 छाल क्षेत्र में सडक़ पर आया डेढ़ दर्जन हाथियों का झुंड

वीडियो बनाने के चक्कर में  नजदीक जा रहे ग्रामीण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 23 जून। शनिवार की देर शाम छाल रेंज में 18 हाथियों का झुंड सडक़ पर आ गया था। जिसका वीडियो भी सामने आया है। वहीं रात में हाथी ने एक कच्चे घर के दीवार को भी ढहा दिया। जिसके नुकसान का आंकलन विभाग द्वारा किया जा रहा है।

धरमजयगढ़ वन मंडल के छाल रेंज में 18 हाथी का दल 477 आरएफ में विचरण कर रहा है। जहां शनिवार की देर शाम को वह दल बरभौना से एडू जाने वाले रास्ते में आ गया। जब इसकी जानकारी ग्रामीणों को लगी, तो उसे देखने के लिए काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हाथियों के झुंड का वीडियो भी बनाया। बताया जा रहा है कि यह हाथी दल रात होने के बाद कुरकुट व मांड नदी को पार कर खरसिया रेंज के देहजरी गांव में पहुंच गए। खरसियां रेंजर संतोष कांत ने बताया कि रात में करीब 11 बजे हाथी तेंदूपत्ता गोदाम, कृष्णा नगर बस्ती में विचरण करते रहे। इसके बाद देर रात फिर से हाथियों का दल नदी पार कर छाल रेंज में पहुंच गया।

मकान के दीवार को तोड़ा

खाने की तालाश में हाथी विचरण करते हुए छाल रेंज के पुसल्दा गांव तक पहुंचे। जहां कर्मीपारा मोहल्ला में रहने वाला नरेश राठिया के कच्चे घर के एक दीवार को ढहा दिया। हाथी आने की जानकारी होने के बाद ग्रामीण घर से बाहर निकल चुके थे। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीण व वनअमला हो-हल्ला करने लगे। जिससे हाथी जंगल की ओर चले गए।

गांव में कराई गई मुनादी

छाल वन परिक्षेत्र रेंजर चंद्रविजय सिंह सिदार ने बताया कि हाथियों पर लगातार निगरानी की जा रही है। हाथी रोड पर आ गए थे। जिसकी जानकारी लगने के बाद ग्रामीणों को दूर रहने कहा गया और आसपास के गांव में मुनादी कराया गया है। हाथी ने एक कच्चे घर के दीवार को ढहाया है, जिसके नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट