रायगढ़

6 साल से फरार रेप का आरोपी पकड़ाया
18-Jun-2025 9:01 PM
6 साल से फरार रेप का आरोपी पकड़ाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18 जून। पुलिस को दुष्कर्म के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। पिछले 6 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी सतीश कुमार बेहरा को पुलिस ने आज मुखबिर की सूचना पर उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

घटना 25 अक्टूबर 2018 को हुई थी, जब तमनार थाना क्षेत्र की एक किशोर बालिका ने लैलूंगा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिचित के साथ राजपुर मेला देखने गई थी। वहीं आरोपी सतीश बेहरा और उसके साथियों ने पीडि़ता एवं उसके साथी के साथ मारपीट की और जबरन कार में बैठाकर जंगल ले गए, जहां डरा-धमका कर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना के आधार पर थाना लैलूंगा में तत्काल धारा 363, 366(ए), 376(डी), 506, 323 भादंवि, 6 पॉक्सो एक्ट तथा 3(1)(2), 3(2)(5) अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया था। वहीं, मुख्य आरोपी सतीश बेहरा घटना के बाद से फरार हो गया था।

लैलूंगा पुलिस ने उसके विरुद्ध धारा 173(8) के तहत पूरक चालान न्यायालय में प्रस्तुत कर लगातार उसकी तलाश जारी रखी थी। इसी क्रम में आज थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में टीम ने सलखिया गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


अन्य पोस्ट