रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 18 जून। शहर के वार्ड नंबर 21 बेलादुला के भोलेनगर में मानसून की पहली बारिश ने नगर निगम की पोल खोल दी है, यहां की सडक़ थोड़े से ही बारिश के पानी में तालाब बन गई और आवाजाही प्रभावित हो गई, स्टेडियम के पीछे बन रहे नये कॉलोनी में पानी निकासी हेतु ना तो नाली निर्माण हुई है ना ही नगर निगम और कालोनाईजर द्वारा इस ओर ध्यान दिया जा रहा है, और तो और वार्ड क्रमांक 22 से जो पानी आ रहा है वह भी इस जगह जाम हो रहा है, जिससे आज हुई बारिश से भोलेनगर की सडक़ में पानी का जमावड़ा देखने को मिला, भोलेनगर के आसपास बारिश का पानी जमा होने से यहां रह रहे वार्डवासियों के घरों में भी बारिश का पानी भरने लगा है।
वार्ड क्रमांक 21 बेलादुला के पार्षद अजय शंकर मिश्रा ने निगम कमिश्नर सहित नगर निगम के अधिकारियों से कई बार इस समस्या से ध्यानाकर्षण किया, परंतु नगर निगम अधिकारियों की लापरवाही एवं मनमानी से अभी तक कोई हल नहीं निकल पाये, स्टेडियम के पीछे बन रहे नये कॉलोनी हेतु यहां सडक़ किनारे छोटी सी नाली खोद दी गई है जिससे बारिश के दिनों में यहां पानी भरने से यहां के बाशिंदे मुसीबत में तो हैं ही साथ ही इस सडक़ से आवाजाही करने वाले राहगीर भी सडक़ में पानी भरने से परेशान हो रहे हैं।
बेलादुला भोलेनगर के बाशिंदों का कहना है कि गुलमोहर कॉलोनी के पीछे बन रहे नये कॉलोनी में पानी निकासी हेतु कोई नाली निर्माण नहीं हुआ है, और वार्ड क्रमांक 22 से आ रही पानी भी निकल नहीं पा रही क्योंकि यहां की नाली बहुत छोटी है, जिससे सडक़ पर पानी जाम हो रहा है।
अगर समय रहते रायगढ़ नगर निगम द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो यहां के रहवासी आंदोलन करने पर उतारू होंगे।
क्या कहते हैं वार्ड पार्षद
आज सुबह हुई बारिश से भोलेनगर में काफी पानी भर गया जिससे आवाजाही तो प्रभावित हुई है यहां रह रहे लोगों के घरों में बारिश का पानी भी घुस रहा है, स्टेडियम के पीछे बन रहे नये कॉलोनी में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है ना ही नाली निर्माण किया गया है, जिससे सारा पानी हमारे वार्ड में आ रहा है और भोलेनगर सहित देवलास चैक में बारिश का पानी जमा हो रहा है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए मैंने पहले ही नगर निगम कमिश्नर को इस बात से अवगत कराया था परंतु आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। कॉलोनी निर्माण करने वाले जबरन हमारे वार्ड के छोटे नाली में पानी निकासी कर रहे हैं जिससे यह समस्या पैदा हुई है।


