रायगढ़

कोरबा से लाया जा रहा अवैध कबाड़ बरामद
14-Jun-2025 7:21 PM
 कोरबा से लाया जा रहा अवैध कबाड़ बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 14 जून। थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए एक माजदा वाहन से अवैध रूप से लाया जा रहा 2.5 टन स्क्रैप जब्त किया है।

जानकारी के मुताबिक छाल थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि कोरबा से एक संदिग्ध माजदा वाहन में लोहे-टीन का कबाड़ लोड कर हाटी की ओर लाया जा रहा है। इस पर टीम ने तत्काल घेराबंदी कर हाटी बस स्टैंड चैक के पास वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार का लोहे, टीन और स्क्रैप कबाड़ भरा मिला। वाहन चालक ईश्वर कुमार उरें पिता कन्हैया लाल उरें, उम्र 22 वर्ष, निवासी डुमरमुड़ा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा (छ.ग.) कबाड़ के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन का विधिवत वजन कराया, जिसमें करीब 2.5 टन स्क्रैप सामग्री पाई गई जिसकी अनुमानित कीमत 85,000 है। साथ ही माजदा वाहन जिसकी कीमत लगभग 10 लाख बताई जा रही है, उसे भी जब्त किया गया। आरोपी ईश्वर कुमार उरें के विरुद्ध थाना छाल में धारा 35(क)(ड) बीएनएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।


अन्य पोस्ट