रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 14 जून। रायगढ़ जिले में नये मरीन ड्राइव के निर्माण के लिए आज सुबह से भारी विरोध के बावजूद तोडफ़ोड़ अभियान की शुरुआत कर दी गई है। पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है, स्वयं पुलिस अधीक्षक मौके पर मौजूद हैं और अभी भी क्षेत्र में तनाव का माहौल देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक शनि मंदिर से लेकर कयाघाट तक नये मरीन ड्राइव का निर्माण होना है, इसके लिए नगर निगम ने क्षेत्र के 295 लोगों को नोटिस दिया था और 12 जून को अंतिम नोटिस जारी कर सामान खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया था, जहां जिसके विरोध में बीती रात को भारी संख्या में मोहल्लेवासी कलेक्टर निवासी में बाहर धरने में बैठ कर कई घटे तक नारेबाजी की। लेकिन इसके बावजूद कोई परिणाम नहीं निकल सका।
आज सुबह होते ही भारी संख्या में पुलिस कया घाट के लिए रवाना हुई, पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल स्वयं मौके पर मौजूद रहें। साथ ही साथ पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है इस दौरान तोडफ़ोड़ का विरोध करने आई महिला कांग्रेस नेत्रियों के साथ धक्का मुक्की के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा की नये मरीन ड्राइव निर्माण के लिए तोडफ़ोड़ की शुरुआत हो चुकी है और पहले दिन 20 मकानों को तोडऩे की बात कहीं जा रही है।
बताया जा रहा है की मोहल्ले वासियो ने तोडफ़ोड़ के विरोध में सैकड़ों की तादात में पंजीरी प्लाट और मिनी माता रोड को जोडऩे वाले पुल पर जाम लगाया गया था लेकिन भारी पुलिस बल के आगे यह जाम नहीं ठीक सका और फिर पुलिस जाम खुलवाते हुए आगे के लिए रवाना हुई।


