रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 13 जून। दोस्त से मिलने आये दो युवकों के रास्ता भटक जाने के दौरान चार युवकों ने दोनों के साथ मारपीट की। साथ ही एक युवक का अपहरण करके बंधक बनाकर बेल्ट से उसकी बेदम पिटाई करते हुए बाईक, मोबाईल फोन के अलावा 21 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो बाल अपचारी भी शामिल हैं। मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर सक्ती जिले के डभरा निवासी यशवंत बैरागी और उसका साथी जीत सिदार रायगढ़ के लेबर कॉलोनी में रहने वाले अपने दोस्त के घर आ रहे थे। रास्ता भटकने पर वे जूटमिल दुर्गा चैक की एक गली में चले गए, जहां चार युवकों ने रास्ता रोककर पैसों की मांग की। मना करने पर दोनों से गाली-गलौज कर मारपीट की गई।
बाद में जीत सिदार को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले गये और फिर ट्रांसपोर्ट नगर रोड की ओर ले जाकर सुनसान जगह पर मारपीट करते हुए मोबाइल से 21 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए। घटना के बाद आरोपी बाइक और जीत सिदार का मोबाइल भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने पीडि़त युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया और प्रार्थी यशवंत बैरागी की शिकायत पर थाना जूटमिल में आरोपियों पर धारा 126(2),119(1),309 (6) 140(2),3 (5) बीएनएस के तहत कायम किया गया।
जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने तत्काल चार टीमें बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। जल्द ही चारों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इनमें से दो आरोपी बाल अपचारी पाए गए हैं, जबकि दो युवकों की पहचान मनीष निषाद और लक्ष्मीकांत उर्फ चिंटू यादव के रूप में हुई है। मनीष के पास से लूटी गई बाइक और लक्ष्मीकांत के पास से पीडि़त का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है।


