रायगढ़

डॉ.भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को दूषित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो-कांग्रेस
10-Jun-2025 4:17 PM
डॉ.भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को दूषित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो-कांग्रेस

रायगढ, 10 जून। डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर रंग पोतकर दूषित किये जाने की घटना  की कांग्रेसियों ने निंदा की है और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण व शहर के अध्यक्ष द्वय  नगेन्द्र नेगी व अनिल शुक्ला अपने प्रतिनिधि मंडल जिसमे जिला कांग्रेस प्रभारी महामंत्री शाखा यादव  प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेसी अनिल अग्रवाल (चीकू) व यतीश गांधी ने न्यायालय परिसर के पास व चक्रधरनगर थाने के पास स्थापित डॉ.अंबेडकर प्रतिमा में बीती रात कतिपय शरारती तत्वों ने रंग पोतकर उन्हें दूषित किया जिसे अक्षमेय अपराध मानते हुए घटना की घोर निंदा की है।  इस घटना के संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नगेन्द्र नेगी ने जिला प्रशासन से कार्यवाही की मांग करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर  की प्रतिमा का अपमान करना एक गंभीर और निंदनीय कृत्य है। यह घटना न केवल डॉ. अंबेडकर के अनुयायियों के लिए अपितु संपूर्ण समाज के लिए भी आहत करने वाली है। नेगी ने आगे कहा कि इस घटना पर कहा कि आरोपियों के विरुद्ध गंभीर अपराध दर्ज किया जाना चाहिए आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

 

घटना की जांच तत्काल  की जानी चाहिए और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाना चाहिए। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल शुक्ला ने घटना को लेकर कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को खराब करती हैं। डॉ. अंबेडकर जी जैसे महान व्यक्तियों की प्रतिमाओं का सम्मान और गरिमा बनाए रखना हमारा कर्तव्य है। उक्ताशय की जानकारी जिला  कांग्रेस प्रवक्ता विनोद कपूर ने मीडिया को दी।


अन्य पोस्ट