रायगढ़
कार्रवाई की मांग, एफआईआर दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 9 जून। रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित चक्रधर नगर इलाके में अंबेडकर चौक में लगी बाबा भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर अज्ञात शख्स द्वारा देर रात मिट्टी पोतने को लेकर बवाल खड़ा हो गया है।
आज सुबह चक्रधर नगर थाने से लगभग डेढ सौ मीटर की दूरी व जिला कलेक्ट्रेट व जिला न्यायालय से 50 मीटर की दूरी पर स्थित अंबेडकर चौक की विशालकाल प्रतिमा के चेहरे पर मिट्टी पोतने की जानकारी मिलने के बाद चक्रधर नगर थाने की टीम भी मौके पर पहुंची। साथ ही साथ रायगढ़ एसडीएम महेश शर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला सहित अन्य थाना प्रभारी भी स्थिति को भांपते हुए प्रतिमा स्थल पर पहुंचे और सभी ने मिलकर नाराज लोगों को समझाने का प्रयास किया पर कोई भी सुनने को तैयार नहीं थे।
इस दौरान रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान, रायगढ़ जिला कांगे्रस शहर अध्यक्ष अनिल शुक्ला, भीम आर्मी के पदाधिकारी का कहना था कि संविधान के निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर के चेहरे पर जिस ढंग से मिट्टी पोतकर अपमानित किया गया है उसकी जितनी भी निंदा की जाये कम है और इनका यह भी कहना था कि जिला न्यायालय कलेक्टे्रट व थाने से लगी इस चौक में लगी इस प्रतिमा से इस प्रकार का घटिया कृत्य हो जाना कई सवालों को खड़ा करता है और वे चाहते हैं कि इस मामले में जो भी दोषी हो उस पर एफआईआर दर्ज करके गिरफ्तारी की जाये।
वहीं मौके पर पहुंचे नगर पुलिस अधीक्षक आकाश शुक्ला का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है चूंकि मौके पर सीसीटीवी फुटेज नहीं होने से आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जाएगा और जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस पूरे मामले में रायगढ़ एसडीएम महेश शर्मा का भी कहना था नाराज लोगों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है और घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को इसकी जांच के लिये कहा गया है। उन्होंने बताया कि स्थिति तनाव पूर्ण है और समझाईश देकर मामला शांत कराया जा रहा है।
प्रतिमा को धोने का भी हो रहा विरोध
अंबेडकर चौक पर लगी भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के चेहरे पर लगाई गई मिट्टी को धोने के लिये नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची थी पर वहां मौजूद भीम आर्मी, जिला कांगे्रस व सर्व समाज के लोगों ने भारी नारेबाजी करते हुए रोक दिया।
वहीं महापौर का कहना है कि वे उनके भगवान है और सर्व समाज के लोग उनका शरीर दूध से धोकर साफ करेंगे और वे चाहते हैं कि प्रशासन इस जगह के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी में रखे ताकि दोबारा इस प्रकार की हरकत न हो पाये।


