रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लैलूंगा (रायगढ़), 6 जून। रायगढ़ जिले के तहसील लैलूंगा अंतर्गत सलखिया में मंगलवार दोपहर को एक महिला के साथ हुई मारपीट का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पीडि़ता की रिपोर्ट पर आचार्य अंशु देव सहित 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
बताया जाता है कि यह घटना उस समय हुई, जब सलखिया निवासी मली बाई भोय के घर को तोडऩे के लिए आचार्य अंशु देव, पंकज सहित 14 लोग पहुंचे। मली बाई और उनके परिवार ने जब इस कार्रवाई का विरोध किया तो आरोपियों ने डंडे और लाठी से हमला कर दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मारपीट के कारण मली बाई का एक हाथ टूट गया, सिर पर गहरे घाव आए हैं जिन पर टांके लगे हैं, एक दांत टूट गया है और आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ा है। घटना के दौरान मली बाई को बचाने पहुंचे चंद्रशेखर भोय और बंशीधर भोय पर भी हमला किया गया। इसमें बंशीधर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस पूरे मामले में मली बाई ने थाना लैलूंगा में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसके आधार पर आचार्य अंशु देव सहित 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार शिवम पांडे का कहना है कि-मेरे द्वारा तहसील से कोई आदेश नहीं दिया गया है और इसके बारे मुझे कोई जानकारी नहीं है। अगर तहसीलदार का नाम लेके तोड़े हैं, तो उनके खिलाफ जांच कर के उनके खिलाफ दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। अगर ऐसा कोई भी मामला आता है तो प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारियों की उपस्थिति में कार्रवाई होती है, न कि किसी के बोलने से।


