रायगढ़

हाथी शावक कुएं में गिरा
05-Jun-2025 6:59 PM
हाथी शावक कुएं में गिरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 5 जून। रायगढ़ जिले में बढ़ती हाथियों की संख्या उनके लिये ही जी का जंजाल बनी हुई है। आये दिन अपने दल के साथ भटकते शावक इसका शिकार हो रहे हैं। खेतों में बने कुएं में गिरने के कारण इनके साथ होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर वन विभाग सिमित संसाधनों के साथ हाथी शावको को बचाने में कामयाबी हासिल कर रहे हैं लेकिन लगातार हो रही इस प्रकार की घटनाओं से और अधिक सजग होने की बजाए वन विभाग केवल इनके मूवमेंट पर नजर रखकर कब कुछ ठीक ठाक होने का दावा कर रहा है।

तीन दिन के भीतर हो गई दो घटना

रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार के जंगल में एक हाथी शावक कुएं में गिरने की घटना के बाद दूसरी घटना गुरूवार की तडक़े खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तेंदुमुडी में देखने को मिली और वहां भी जंगल के किनारे किसान द्वारा बनाये गए गहरे कुएं में एक हाथी शावक गिर गया जिसमें पानी भी भरा हुआ था।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ वहां जुट गई। वन विभाग को स्थानीय लोगों से जानकारी मिलने के बाद पहुंची जेसीबी की मदद से हाथी शावक को निकालने की तैयारियां भी की गई। आसपास के इलाके के सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उस जगह पहुंच गए और बचाव दल के साथ हाथी शावक को निकालने के लिये घंटों तक जुटे रहे।

पांच घंटे तक चला ऑपरेशन

खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तेंदुमुड़ी से लगे जंगलों में हाथी शावक के कुएं  में गिरने की घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से पांच घंटे बाद हाथी शावक को कुएं  से निकालने में कामयाबी हासिल की। कुएं से निकलते ही हाथी शावक ने जेसीबी को पकडऩे का भी प्रयास किया और इसी बीच भीड़ के लोग भी इस शावक को जंगल की ओर दौड़ाते दिखे। ग्रामीण लाठी डंडे से लैस होकर हाथी को खदेडऩे के लिये सजग रहते है। और यही कारण है कि हाथी शावक के कुएं में गिरने के बाद पास के जंगलों से उनका झुंड चिंघाड़ रहा था। तब ग्रामीणों ने अपने बचाव के लिये यह रवैया अपनाया।


अन्य पोस्ट