रायगढ़

जपं केलो में महिला बाल विकास सभापति का चुनाव, पूर्णवती पैंकरा ने मारी बाजी
05-Jun-2025 6:56 PM
जपं केलो में महिला बाल विकास सभापति का चुनाव, पूर्णवती पैंकरा ने मारी बाजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लैलूंगा, 5 जून। रायगढ़ जिले के लैलूंगा के जनपद पंचायत केलो में महिला बाल विकास सभापति के पद के लिए चुनाव सम्पन्न हुआ, जिसमें तीन जनपद सदस्यों ने अपना नामांकन प्रस्तुत किया। यह चुनाव जनपद सभा कक्ष में आयोजित किया गया, जहां जनपद के समस्त सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया को राजस्व विभाग के एसडीएम  अक्चा गुप्ता की देखरेख में पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया गया।

महिला बाल विकास सभापति पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से दो उम्मीदवारों ने भाग लिया, वहीं कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्य पूर्णवती पैंकरा ने भी अपनी दावेदारी पेश की। सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने पक्ष में जोरदार प्रचार किया, किंतु अंतिम फैसला मतदान के माध्यम से लिया गया।

चुनाव में जनपद पंचायत लुड़ेग क्षेत्र से निर्वाचित जनपद सदस्य पूर्णवती पैंकरा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदियों को हराते हुए महिला बाल विकास सभापति के पद पर विजय प्राप्त की। उनकी इस जीत से कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई है। पूर्णवती पैंकरा की जीत को सामाजिक सरोकारों से जोडक़र देखा जा रहा है, क्योंकि उन्होंने पहले भी महिला और बच्चों के हित में कई सामाजिक कार्य किए हैं।

जनपद के अधिकारियों ने बताया कि चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और लोकतांत्रिक ढंग से सम्पन्न हुई।

एसडीएम अक्चा गुप्ता ने चुनाव अधिकारी की भूमिका निभाते हुए संपूर्ण प्रक्रिया पर निगरानी रखी और सुनिश्चित किया कि कोई अनियमितता न हो। मतदान के दौरान जनपद सदस्यों की सक्रिय भागीदारी देखी गई।


अन्य पोस्ट