रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 21 मई। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम लामीदरहा में मंगलवार सुबह एक महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार 19 मई की रात खाना खाकर घर के आंगन में सो रही महिला पर एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते हमला कर दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमित शुक्ला को सुबह सूचना मिली कि ग्राम लामीदरहा के पड़वपारा मोहल्ले में एक महिला पर मारपीट की वारदात हुई है। उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया। जांच में पीडि़ता दमयंती चैहान (30 वर्ष) ने बताया कि वह अपने पति मोतीलाल चौहान के साथ रात में घर के आंगन में सोई थी, तभी गांव का विनोद एक्का पुरानी दुश्मनी को लेकर उसके आंगन में घुस आया और तुम लोगों को मारूंगा कहते हुए हाथ में पकड़ी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में दमयंती की पीठ पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने तुरंत घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
आरोपी को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया और उसके पास से वारदात में प्रयुक्त एक छोटा कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। महिला की स्थिति सामान्य है, पुलिस घटना के पीछे की रंजिश की विस्तृत जांच कर रही है।


