रायगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 19 मई। मेडिकल कॉलेज रायगढ़ के नर्सिग कॉलेज में बंदरों का उत्पात थमने का नाम नही ले रहा है। बंदरों ने आधे दर्जन से अधिक लोगों को जहां काटकर चोटिल किया है, वहीं कई लोग भागते समय गिरकर घायल भी हो चुके है। वन विभाग को इस मामले की जानकारी दिये जाने के बावजूद इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
गजमार पहाड़ी से लगे हुए नर्सिग कालेज महाविद्यालय की बिल्डिंग परिसर में भोजन और पानी की तलाश में रोजाना पहाड़ों से भारी संख्या में बंदर पहुंच रहे हैं और यहां पहुंचकर न केवल जमकर उत्पात मचा रहे हैं बल्कि यहां काम करन वाली महिला स्टाफ के अलावा यहां अध्ययनरत छात्रों को भी काटकर घायल कर रहे हैं। बीते तीन माह के भीतर यहां बंदरों ने 10 से अधिक लोगों को काट चुका है वहीं कई छात्राएं बंदर को देखकर भागते समय गिरकर चोटिल हो चुकी हैं।
नर्सिग कॉलेज महाविद्यालय की बिल्डिंग में काम करने वाली महिलाओं और युवतियों ने बताया कि कभी भी बंदर पहाड़ से नीचे उतरकर यहां न केवल गंदगी फैलाते हुए नुकसान कर रहे हैं बल्कि उन्हें देखते ही दौड़ाते लगते हैं। कल शाम को ही बंदर ने एक युवती के पैर में काटकर उसे घायल कर दिया जिसे उसे उपचार के लिये अस्पताल ले जाया गया और जरूरी इंजेक्शन लगाने के बाद उसे घर भेज दिया गया।
डरे सहमे काम करने पर मजबूर
उन्होंने यह भी बताया कि बंदर कभी काटते हैं तो कभी उन्हें देखकर भागते समय गिरकर छात्राएं घायल हो जाती है। आलम यह है कि यहां काम करने वाले महिला स्टाफ रोजी रोटी की खातिर डरे सहमे जोखिम उठाकर काम करने पर मजबूर हो चुके हैं। इस मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी गई थी जिसके बाद एक टीम यहां पहुंची थी उन्हें भी बंदरों ने दौड़ाया था।


