रायगढ़

मवेशी ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार 19 कृषक मवेशी तस्करों के चंगुल से मुक्त
14-May-2025 3:28 PM
मवेशी ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार  19 कृषक मवेशी तस्करों के चंगुल से मुक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 14 मई। लैलूंगा थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में 12 मई को लैलूंगा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो पशु तस्करों को रंगे हाथ पकड़ते हुए उनके कब्जे से 19 मवेशियों को क्रूरता से ले जाते हुए बरामद किया। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर चल रही मुहिम के तहत इस महीने लैलूंगा पुलिस की यह चैथी बड़ी कार्रवाई है।

थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव को सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति ग्राम सारसमाल रोड से मवेशियों को पैदल हांकते हुए क्रूरता पूर्वक उड़ीसा स्थित बूचडख़ाना ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ घेराबंदी कर नहर पुल के पास दोनों तस्करों को धर दबोचा।

 

पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुजीत कुमार यादव (50), निवासी सिहारधार गम्हार थाना लैलूंगा और महेत्तर भुईहर (45), निवासी होर्रोगुड़ा थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई।

पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे 19 नग मवेशियों को बेचने के उद्देश्य से ओडिशा के बूचडख़ाने ले जा रहे थे। जब्त मवेशियों की कीमत करीब 1,90,000 है। आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 6, 10, 11, 12 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों को रिमांड पर भेज दिया गया है। एसपी दिव्यांग पटेल और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में मवेशी तस्करी पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट