रायगढ़

ग्राहक सेवा केन्द्र से नगदी समेत लाखों के सामान पार
12-May-2025 3:39 PM
ग्राहक सेवा केन्द्र से  नगदी समेत लाखों के सामान पार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़., 12 मई। अज्ञात चोरों ने बीती रात एक बार फिर से ग्रामीण इलाके में एक दुकान को निशाना बनाते हुए नगदी रकम के अलावा लाखों के सामानों की चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए हैं। घटना की जानकारी के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। उक्त मामला पुसौर थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के मुताबिक जिला मुख्यालय से महज 15 किलोमीटर की दूरी में स्थित नवापारा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने ग्राहक सेवा केन्द्र में घुसकर नगदी रकम समेत लाखों रूपये के सामानों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पीडि़त अनिल कुमार प्रधान बताया कि नवापारा बस स्टैण्ड बाजार के पास उसका ग्राहक सेवा केन्द्र है। पीडि़त ने बताया कि दुकान से घर पहुंचने के बाद रात में अक्सर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को अपने मोबाईल में देखते रहता है।

 

अनिल कुमार प्रधान ने बताया कि बीती रात दुकान में लगे तीन कैमरे नही दिख रहे थे और एक कैमरे में सामान उथल पुथल नजर आया। अनहोनी की आशंका देखते हुए वह अपने बड़े भाई के साथ दुकान पहुंचकर देखा तो उसके होश उड़ गए। दुकान का दरवाजा खुला हुआ था और लाईट जल रही थी। जिसके बाद दुकान में जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोरों ने गल्ले में रखे नगदी रकम 55 हजार, लैपटॉप, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, वीडियो कैमरा, फोटो कैमरा के अलावा एक हेलमेट चोरी करके फरार हो चुके थे।

बहरहाल पीडित की शिकायत के बाद पुसौर पुलिस अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 305 (ए) 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है। 


अन्य पोस्ट