रायगढ़

कुडूमकेला सहित 4 गाँव में 211 बोरा अवैध धान जब्त
01-Jan-2025 4:11 PM
कुडूमकेला सहित 4 गाँव में 211 बोरा अवैध धान जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 1 जनवरी।
तहसील घरघोड़ा में उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। नए वर्ष के आगमन के पूर्व धान उपार्जन केंद्रों में धान की आवक और तेज होने वाली है। जहां एक ओर प्रशासन उपार्जन केंद्रों में सारी तैयारियां पूरी करने में लगा है वहीं दूसरी ओर अवैध धान की आवक रोकने के लिए निगरानी दल सक्रिय हो गये है। कलेक्टर कार्तिकेय गोयल द्वारा अवैध धान की आवक रोकने के लिए कड़ी निगरानी रखे जाने के स्पष्ट निर्देश सभी संबंधित विभागों को दिए गए है।

इसी क्रम में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 4 मामलों में 211 बोरी धान जब्त किया गया। ग्राम बहिरकेला में जांच दल द्वारा अशोक कुमार राठिया एवं जगत राम राठिया के घर पर क्रमश: 60 बोरा एवं 40 बोरा धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। भंडारित धान के संबंध में सन्तोषजनक दस्तावेज एवं जवाब प्राप्त ना होने पर राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मंडी अधिनियम की धारा 6 खाद्य अधिनियम 19, 31, 36, के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भण्डारित धान को जब्त किया गया। 

ग्राम कंचनपुर में चंद्रमणी पुरोहित के यहां 37 बोरा धान एवं ग्राम कूडूमकेला में मोहनलाल साव के यहां 74 बोरा धान अवैध रूप से भण्डारित पाए जाने पर मंडी नियमो के तहत संयुक्त जांच द्वारा इसकी जब्ती की गई। अवैध धान की आवक रोकने प्रशासन के सभी विभाग समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सतत रूप से कर रहे हैं। घरघोड़ा तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व कर्मचारियों व मंडी विभाग के संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई कि गई।
 


अन्य पोस्ट