रायगढ़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 दिसंबर। रायगढ़ जिले में बीती रात जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाते हुए 6 घरों को तोड़ते हुए कई बोरी धान को खा गया। पिछले सप्ताह भर से दो हाथियों के आतंक से कई गाँव के ग्रामीण दहशत में रात गुजारने पर मजबूर हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक धरमजयगढ़ वनमंडल के लैलूंगा रेंज में सप्ताह भर से अधिक समय से घूम रहेदो हाथियों के आतंक से कई गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। दोनों हाथी कभी किसी का घर तोड़ रहे तो कभी धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर धान खा रहे हैं।
इसी क्रम में बीती रात एक बार फिर से एक हाथी ने जमकर उत्पात मचाते हुए होर्रोगुडा गांव में ग्रामीण आनंद गुप्ता और भागीरथी गुप्ता के अलावा छातासराई गांव मेें किशन यादव और कृष्णा यादव के अलावा दो अन्य के घर को तोड़ते हुए वहां रखे कई बोरी धान को खाया है।
रविवार की सुबह हाथी के उत्पात की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंचकर नुकसान के आंकलन करने में जुट गई है।
डर के साय में रात गुजार रहे ग्रामीण
गांव के ग्रामीणों ने बताया कि हाथी के आतंक से आसपास के आधे दर्जन से भी अधिक गांव में दहशत का माहौल निर्मित है। आलम यह है कि डर के साये में लोग रात गुजारने पर विवश हैं। पिछले सप्ताह भर से यह दोनों हाथी बस्ती के करीब पहुंचकर लोगों के घरों को तोडक़र धान खा रहे हैं। गांव के ग्रामीणों ने यह भी बताया कि खेत में धान कटाई हो जाने के बाद अक्सर हाथी गांव तक पहुंचते हैं।
सीसीटीवी में कैद
धरमजयगढ़ वन मंडल के लैलूंगा रेंज के अंतर्गत आने वाले लिबरा गांव में स्थित धान खरीदी केन्द्र में भी बीती रात एक दंतैल हाथी पहुंचकर कई बोरी धान को खा गया। हाथी का धान खरीदी केंद्र में घुसने का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है।