नारायणपुर

45 किमी पैदल पहुंचे ग्रामीण, 3 दिन बाद भी नहीं बना आधार कार्ड
15-Sep-2026 7:42 PM
45 किमी पैदल पहुंचे ग्रामीण, 3 दिन बाद भी नहीं बना आधार कार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नारायणपुर, 15 सितंबर। नारायणपुर जिले का अबूझमाड़ आज भी विकास की राह में कई चुनौतियों से जूझ रहा है। यहां ग्रामीणों को सामान्य सरकारी दस्तावेज बनवाने के लिए भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 पागुड-कोंगे क्षेत्र के ग्रामीण करीब 45 किलोमीटर पैदल चलकर सोनपुर आधार कार्ड बनवाने पहुंचे। इनमें दूधमुंहे और छोटे-छोटे बच्चे  भी शामिल थे। लेकिन सोनपुर पहुंचने के बाद भी उनकी परेशानी खत्म नहीं हुई। तीन दिन तक मशक्कत करने के बावजूद कई ग्रामीणों का आधार कार्ड नहीं बन सका।

ग्रामीणों के अनुसार, आधार बनाने की प्रक्रिया के दौरान कभी बिजली की समस्या सामने आई तो कभी सर्वर डाउन होने के कारण काम रुक गया। दूर-दराज से आए ग्रामीणों के सामने वापस लौटने की भी मजबूरी थी। उनका कहना है कि वे नदी-नाले और दुर्गम रास्ते पार कर कई किलोमीटर की दूरी तय करके सरकारी सुविधा तक पहुंच रहे हैं, लेकिन सरकारी व्यवस्था की टीम अब तक उन तक नहीं पहुंच पा रही है।

45 किमी का सफर, फिर भी खाली हाथ

अबूझमाड़ के ग्रामीणों के लिए आधार कार्ड महज एक दस्तावेज नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में 45 किलोमीटर पैदल चलकर सोनपुर पहुंचने के बाद भी तीन दिन तक आधार नहीं बन पाना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांवों में ही आधार बनाने की सुविधा उपलब्ध हो जाए तो उन्हें इतनी लंबी और कठिन यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

सुशासन रथ की पहुंच पर सवाल

प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पहुंचाने के लिए सुशासन रथ चलाया गया है। लेकिन अबूझमाड़ के दुर्गम इलाकों में इसकी पहुंच और प्रभाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्हें आधार कार्ड जैसी मूलभूत सुविधा के लिए 45 किलोमीटर पैदल चलकर सोनपुर आना पड़ रहा है, तो फिर दूरस्थ गांवों तक प्रशासनिक सुविधाओं की वास्तविक पहुंच कितनी है, यह सवाल अपने आप खड़ा होता है।

अबूझमाड़ में सीएम हेल्पलाइन के लिए नेटवर्क की समस्या, शिक्षा के लिए भवनों की कमी और शिक्षकों के पहुंचने के लिए सडक़ों का अभाव जैसी चुनौतियां पहले से मौजूद हैं। ऐसे में सवाल है कि इन मूलभूत समस्याओं के बीच विकास का पहिया आखिर कैसे आगे बढ़ेगा?


अन्य पोस्ट