नारायणपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नारायणपुर, 11 अगस्त। नारायणपुर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा राज्य शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पित नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल एवं अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई की उपस्थिति में यह राशि वितरित की गई।
पुनर्वास नीति के तहत शस्त्रों के साथ आत्मसमर्पण करने वाले 50 व्यक्तियों के लिए जमा किए गए शस्त्रों के एवज में कुल 70 लाख 68 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अंतर्गत प्रथम चरण में 18 आत्मसमर्पित व्यक्तियों को कुल 19 लाख 73 हजार 500 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने बताया कि शासन की पुनर्वास नीति का मुख्य उद्देश्य आत्मसमर्पित व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जोडऩा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि के तहत शेष पात्र हितग्राहियों को भी नियमानुसार प्रोत्साहन राशि का वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, अक्षय सबद्रा तथा डिप्टी कलेक्टर सौरभ दीवान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।