नारायणपुर
नारायणपुर,7 सितंबर। नारायणपुर जिला भाजपा संगठन में व्याप्त असंतोष और कार्यकर्ताओं में बढ़ती नाराजगी को लेकर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को पत्र भेजा गया है। पत्र में संगठन की मौजूदा परिस्थितियों का निष्पक्ष परीक्षण कर नए जिला संगठन के गठन की मांग की गई है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि संगठन की निर्णय प्रक्रिया में सामूहिक विमर्श के बजाय सीमित व्यक्तियों का प्रभाव और निर्णयों का केंद्रीकरण बढ़ रहा है। जिला अध्यक्ष के स्थानीय निवासी नहीं होने और सरपंच के दायित्वों के कारण संगठन को अपेक्षित समय नहीं मिल पाने को भी चिंता का विषय बताया गया है।
संगठनात्मक नियुक्तियों में कार्यकर्ता-परामर्श की कमी पर भी सवाल उठाते हुए पत्र में एक ही परिवार के कई सदस्यों को महत्वपूर्ण दायित्व दिए जाने का उल्लेख किया गया है।
पत्र में कहा गया है कि इससे लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं में असंतोष और क्षोभ पैदा हो रहा है। संगठन में योग्यता, निष्ठा, पारदर्शिता और सामूहिकता को प्राथमिकता देने की मांग करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री से आवश्यक पहल का आग्रह किया गया है।