नारायणपुर
नक्सलमुक्त नारायणपुर में स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नारायणपुर, 22 नवंबर। नारायपुर जिले के बेनूर क्षेत्र से सामने आई एक तस्वीर ने स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकारी अस्पताल से डिस्चार्ज हुई एक प्रसूता को नवजात बच्चे के साथ करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर अपने गांव पहुंचना पड़ा। वजह थी, घर तक छोडऩे वाली 102 महतारी एक्सप्रेस की सुविधा का सही से नहीं मिलना।
ग्राम पंचायत कोरेण्डा के खापापारा की रहने वाली घड़वे बाई ने जिला अस्पताल में स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन कथित तौर पर 102 महतारी एक्सप्रेस की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके चलते नवजात को गोद में लेकर महिला को घर लौटने के लिए लंबा सफर तय करना पड़ा। बताया जा रहा है कि घर तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर थी।
लोगों की मदद से पहुंची थी महिला
जानकारी के अनुसार घड़वे बाई को प्रसव पीड़ा और सुरक्षित प्रसव के लिए मितानिन की मदद से पहले बेनूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था। यहां से गर्भवती महिला को बेहतर उपचार और प्रसव के लिए नारायणपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन डिस्चार्ज के बाद ऐसी स्थिति बनी कि नवजात को गोद में लेकर महिला ने करीब 8 किलोमीटर का रास्ता पैदल तय किया और अपने घर पहुंची। नक्सलवाद के खात्मे के बाद नारायणपुर के दूरस्थ इलाकों में विकास और बेहतर सुविधाओं की उम्मीदें पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई हैं. लेकिन अभी भी कई सुविधाओं का पहुंचना बाकी है।
मामले को लेकर नारायणपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी टीआर कुंवर से फोन पर बात की गई।
इस पर उन्होंने जांच कराने और मामले में उचित कार्रवाई किए जाने की बात कही है।