नारायणपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पखांजूर/छोटेबेठिया, 31 अक्टूबर। पखांजूर क्षेत्र के अंतर्गत छोटेबेठिया के मांझिकुटनी-जामकुटनी स्थित मिशनरी संस्था द्वारा संचालित ‘अमर ज्योति स्कूल’ के हॉस्टल में पहली कक्षा में पढऩे वाली छह वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। इस घटना ने निजी छात्रावासों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जांच में सामने आया है कि यह छात्रावास बिना किसी वैध अनुमति और सरकारी रिकॉर्ड के गैर-कानूनी ढंग से संचालित किया जा रहा था। बीईओ देव कुमार शील ने स्पष्ट किया कि विभाग के पास इस निजी छात्रावास के संचालन की कोई जानकारी या आवेदन दर्ज नहीं था। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
परिजनों के अनुसार, बच्ची अनुष्का खलखो की तबीयत बिगडऩे पर उसे अस्पताल ले जाने के बजाय एक स्थानीय मेडिकल स्टोर से दवा लाकर इलाज किया जाता रहा। गुरुवार रात सांस लेने में तकलीफ होने पर जब परिजन उसे पखांजूर के सिविल अस्पताल ले जा रहे थे, तब रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
सिविल अस्पताल के डॉ. संजीव वैष्णव ने बताया कि मृत्यु का स्पष्ट कारण अभी ज्ञात नहीं हो सका है। वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए बच्ची का विसरा सुरक्षित कर फोरेंसिक लैब भेजा जा रहा है। लैब रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण, बीमारी या दवा के रिएक्शन की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने हॉस्टल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर पूर्व में भी सवाल उठाए थे। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने अवैध रूप से चल रहे हॉस्टलों पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।