नारायणपुर
महंगाई और पेट्रोल-डीजल मुद्दे पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता-
नारायणपुर, 15 मई। जिला कांग्रेस कमेटी ने राजीव भवन में प्रेसवार्ता आयोजित कर महंगाई, पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता और केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर अपनी बात रखी। प्रेसवार्ता में कांकेर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नरेश ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश दीवान, शहर अध्यक्ष रघु मानिकपुरी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और महंगाई के मुद्दे पर सवाल उठाए। नरेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा ने महंगाई कम करने के वादे के साथ सरकार बनाई थी, लेकिन पिछले वर्षों में पेट्रोल, डीजल, गैस और अन्य जरूरी वस्तुओं के दाम बढ़े हैं। उन्होंने सोने की कीमतों में वृद्धि का भी उल्लेख किया।
कांग्रेस नेताओं ने उर्वरक उपलब्धता और किसानों की आय से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के वादे पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
प्रेसवार्ता में कुछ नेताओं ने विदेश नीति, तेल भंडारण और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। ये आरोप और टिप्पणियां कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रेसवार्ता के दौरान व्यक्त की गईं।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनू नेताम, ब्लॉक अध्यक्ष पंडी वड्डे, रवि देवांगन, शेख तौहीद, अमित भद्र, संजय राय, वीपी शुक्ला, प्रमोद नैलवाल, महेश कश्यप, शब्बीर बढग़ुजर, शिव कुमार पांडेय, राकेश केशरिया सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।