नारायणपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नारायणपुर, 21 अप्रैल। प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने अपने एक दिवसीय नारायणपुर प्रवास के दौरान रविवार को डी.आर.जी. परिसर सूलेंगा, नारायणपुर में शहीदों की स्मृति में निर्मित शहीद बिरेंद्र सिंह शोरी शौर्य पुलिस ट्रेनिंग एरिना एवं शहीद खोटलू राम कोर्राम पुलिस जिम (पुलिस परफॉर्मेंस सेंटर) का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जिसके पश्चात अतिथियों द्वारा लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया गया।
आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं से जवान होंगे सशक्त
इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शौर्य पुलिस ट्रेनिंग एरिना के माध्यम से जवानों को ड्रिल, सामरिक रणनीति, बाधा दौड़, त्वरित प्रतिक्रिया, आपदा प्रबंधन, टीम समन्वय तथा आधुनिक स्मार्ट पुलिसिंग तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अधिक दक्षता और आत्मविश्वास के साथ कार्य कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि परिसर में स्थापित पुलिस जिम (पुलिस परफॉर्मेंस सेंटर) में अत्याधुनिक मशीनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जहां जवान कार्डियो प्रशिक्षण, मांसपेशियों की मजबूती, स्टैमिना विकास, वजन नियंत्रण एवं शारीरिक संतुलन पर कार्य कर सकेंगे। नियमित व्यायाम से उनकी कार्यक्षमता, सहनशीलता और मानसिक संतुलन में सुधार होगा।
इस दौरान कलेक्टर नम्रता जैन ने कहा कि जिले में इस तरह की आधुनिक प्रशिक्षण एवं फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध होना सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे जवानों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और वे बदलती चुनौतियों के अनुरूप स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार कर सकेंगे।
वहीं रॉबिंसन गुडिय़ा ने इन सुविधाओं को जवानों के समग्र विकास के लिए उपयोगी बताते हुए अनुशासन, समर्पण एवं निरंतर अभ्यास बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लघुवनोपज सहकारी संघ मर्यादित के अध्यक्ष रूप साय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्र प्रसाद बघेल, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अक्षय साबद्रा, ऐश्वर्य चंद्राकर, एसडीएम अभयजीत मण्डावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


